अलवर। दिल्ली -मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम नौगांव पुलिसथाना क्षेत्र में बाड़मेर के पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल की कार पुल की दीवार से टकरा गई। जिसमें उनकी पत्नी चित्रा सिंह की मौत हो गई जबकि स्वंय मानवेंद्र सिंह जसोल, उनका बेटा व चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। मानवेंद्र सिंह जसोल पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के पुत्र है।
अलवर के सोलंकी अस्पताल से मिली जानकारी अनुसार पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह को मृत घोषित कर दिया गया है। वहीं मानवेंद्र सिंह जसोल व उनके पुत्र हमीर सिंह जसोल का इलाज चल रहा है।

चित्रा सिंह के निधन पर मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, अशोक गहलोत सहित अनेक नेताओं ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने ट्विट कर कहा, दिल्ली-मुंबई हाईवे पर नौगांव (रियाणा) में हुई सड़क दुर्घटना में बाड़मेर.जैसलमेर के पूर्व सांसद श्री मानवेंद्र सिंह जी तथा उनके सुपुत्र के घायल होने व उनकी धर्मपत्नी के निधन का समाचार सुनकर मन अत्यंत दुःखी है।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया ने पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह की सड़क हादसे में निधन होने पर ट्वीट कर दुःख जताया है। उन्होने लिखा, सड़क दुर्घटना में पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल की पत्नी चित्रा सिंह के निधन का समाचार सुन आहत हूं। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह दिवंगत आत्मा को शांति दे। शोक संतप्त परिजनों और जसोल वासियों के प्रति मैं गहरी सवेंदनाएं व्यक्त करती हूं। श्री मानवेंद्र सिंह के पुत्र भी घायल हुए है, मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्विट कर कहा कि, सड़क दुघर्टना में श्री मानवेन्द्र सिंह जसोल की पत्नी श्रीमती चित्रा सिंह के निधन का समाचार दुखद है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति एवं परिजनों को हिम्मत देने की कामना करता हूं।
मैं ईश्वर से सड़क दुघर्टना में घायल श्री मानवेन्द्र सिंह जसोल एवं अन्य परिजनों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

अलवर कलक्टर, एसपी पहुंचे अस्पताल
अलवर के पास पूर्व सांसद मानवेंद्र सिंह जसोल की एसयूवी कार के दीवार से टकराने के हादसे में घायलों की जानकारी लेने जिला कलक्टर व पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे और जानकारी ली।
Tags : Former MP Manvendra Singh Jasol Car Accident, Former MP Manvendra Singh Jasol News,Chitra Singh,delhi mumbai expressway,