प्रयागराज -जयपुर दैनिक ट्रेन का बीकानेर तक विस्तार,प्रयागराज, मथुरा, गोवर्धन से सीधा जुड़ाव

बीकानेर। इलाहाबाद (प्रयागराज)-जयपुर दैनिक ट्रेन (Prayagraj – Jaipur SF Express) का बीकानेर तक विस्तार कर दिया गया है। यह जानकारी रेलमंत्री पीयूष गोयल ने केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल को एक पत्र के माध्यम से दी है। यह ट्रेन प्रयागराज, मथुरा, गोवर्धन होते हुए जयपुर पहुंचती है इसे अब सीकर-रतनगढ़-चूरू होते हुए बीकानेर (Bikaner to Gaverdhan) तक विस्तार किया जा रहा है। इसकी जानकारी केन्द्रीय मंत्री ने दी है।

बीकानेर सांसद एवं केन्द्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने रेलमंत्री के हवाले से जानकारी देते हुए बताया कि ”उन्होंने जयपुर-प्रयागराज ट्रेन के लिए उठाई गई मांग को पूरा करने की जानकारी दी है।” इलाहाबाद (प्रयागराज)-जयपुर दैनिक ट्रेन संख्या 12403 और 12404 को जयपुर से बीकानेर तक विस्तारित किया गया है। यह ट्रेन अभी जयपुर से दोपहर 3.20 बजे रवाना होकर तड़के 5.25 बजे प्रयागराज पहुंचती है। वापसी में रात्रि 11 बजे रवाना होकर दोपहर 12.40 बजे जयपुर पहुंचती है। शाम को 7.22 बजे गोवर्धन और आठ बजे मथुरा पहुंचने का टाइमटेबल है और तड़के 5.25 बजे प्रयागराज।

इस ट्रेन के शुरू होने से बीकानेर को सीकर-चूरू होते हुए जयपुर के लिए जहां एक और ट्रेन मिल जाएगी वहीं दौसा, अलवर, आगरा, टुंडला, कानपुर, फतेहपुर और इलाहाबाद से सीधा जुड़ाव भी होगा।

लंबे समय से था प्रयास

पिछले समय से इस ट्रेन के विस्तार को लेकर रेलयात्री सेवा सुविधा समिति अध्यक्ष वेदप्रकाश अग्रवाल ने रेलमंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा था।

अग्रवाल ने बताया कि पूर्व में इस सम्बन्ध में बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के साथ परिचर्चा करते हुए व्यापारियों ने अपनी-अपनी बात कही थी। वर्तमान में बीकानेर से मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, गिरिराजजी (जतिपुरा) के लिए बहुतायत में यात्री दर्शनार्थ जयपुर होते हुए जाते हैं लेकिन बीकानेर से सीधा रेल सम्पर्क नहीं होने के कारण रेलवे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अग्रवाल ने प्रयागराज, मथुरा से बीकानेर रेल मार्ग जोडने पर केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल, केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल समेत भारतीय रेलवे का आभार जताया।

 

Read Hindi News, Like Facebook Page : Follow On Twitter:

Exit mobile version