हेरिटेज वॉक के साथ हुआ अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आगाज
भजन गायक प्रकाश माली के गीतों और भजनों ने बांधा समां फूड कार्निवल
रंगोली मंहेदी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं आयोजित
बीकानेर। रेतीले धोरों के शहर में हेरिटेज वॉक के साथ अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आगाज हुआ। उत्सव के शुभारंभ पर लक्ष्मीनाथ जी मंदिर से रामपुरिया हवेली तक आयोजित हुई हैरिटेज वाक में बीकानेर की स्थापत्य कला, व्यंजन और ललित कलाओं के विविध आकर्षक रंग देखने को मिले।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/10-rajh-rajender1-1140x815.jpeg)
अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में बीकानेर वासियों को गायक प्रकाश माली की मधुर सुर लहरियां सुनने का अवसर मिला। धरणीधर मैदान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध गायक प्रकाश माली ने अपने भजनों और गीतों से बीकानेर वासियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। गीतों और भजनों को श्रोताओं की खूब सराहना मिली।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/camel-festival.jpg)
कार्यक्रम में अमित सारस्वत द्वारा संचालित कथक नृत्याश्रम संस्था के कथक कलाकारों ने शास्त्रीय कथक नृत्य, गायन व तबला वादन की प्रस्तुति देकर समा बांधा। कथक की प्रस्तुतियों पर मैदान दर्शकों की तालियों से गूंज उठा। देशी विदेशी सैलानी इस संध्या के साक्षी बने और मंत्र मुग्ध होकर सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/WhatsApp-Image-2025-01-10-at-4.33.50-PM-1-1140x570.jpeg)
कार्यक्रम में शेती पांडे, काशी पंडित, विजयलक्ष्मी ने कथक नृत्य किया। गायक पर गौरी शंकर सोनी, तबले पर पंडित कौशल कांत व पखावच पर आदित्य सिंह राठौड़ रहे। ठंडी हवाओं और तेज सर्दी के बावजूद दर्शक जमे रहे और प्रस्तुतियों का जमकर लुत्फ उठाया।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/WhatsApp-Image-2025-01-10-at-4.32.00-PM-1140x815.jpeg)
हेरिटेज वॉक के साथ हुआ अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव का आगाज
हैरिटेज वॉक में देशी- विदेशी सैलानी, स्थानीय निवासियों सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी बीकानेरी रंगों में सरोबार नजर आए।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/camel-festival-live-1140x675.jpg)
इस दौरान जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर, निगम आयुक्त मयंक मनीष, बीडीए सचिव अपर्णा गुप्ता, सीईओ सोइनलाल, पर्यटन विभाग के उपनिदेशक अनिल राठौड़, सहायक निदेशक किशन कुमार, जिला पर्यटन अधिकारी पवन शर्मा सहित अन्य पुलिस प्रशासन अधिकारियों ने इस वॉक में शिरकत की।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/WhatsApp-Image-2025-01-10-at-4.31.43-PM-1140x641.jpeg)
इस अवसर पर जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने कहा कि बीकानेर की ऐतिहासिक विरासत हमारी साझी धरोहर है। इसके रंग पूरी दुनिया में पर्यटन मानचित्र पर बिखेरे हैं। इस उत्सव में आए सभी सैलानियों और स्थानीय प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए जिला कलेक्टर ने उनसे इस संस्कृति का हिस्सा बन कर इसे जीने का आह्वान किया।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/camel-festival-livebkn-se-1140x641.jpg)
अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव : लम्बी पगड़ी रहीं आकर्षण का विशेष केन्द्र
वॉक के दौरान लोक कलाकार पवन व्यास ने 2 हजार 25 फिट लंबी पगड़ी बांध कर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस दौरान नगाड़ा, मश्क, चंग और बांसुरी वादन एवं भजन गायन की प्रस्तुतियां दी गई। देशी और विदेशी सैलानी मथेरण, बंधेज, पोट्री, सुनहरी कलम और साफा बांधने की कला को करीब से देखा।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/camel-festival-live-bkn--1140x641.jpg)
इस दौरान लोक कलाकार, रोबीले और सजे-धजे ऊंट भी साथ रहे। भांडाशाह जैन मंदिर के पास हरियाणवी रागड़ी की प्रस्तुति दी गई। चूड़ी बाजार में लाख की चूड़ी बनाने, जूती बनाने, चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाने की कला को दर्शाया गया। सब्जी बाजार की ऐतिहासिक चौकी पर आयोजित शहर की ऐतिहासिक रम्मत का सबके आकर्षण का केन्द्र रही।
![International Camel Festival starts in Bikaner, International Camel Festival, Camel Festival, tourists, domestic and foreign tourists, International Camel Festival 2025,](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/10-rajh-rajender2-1140x641.jpeg)
बीकानेरी स्वाद के लिए चटकारे
प्रतिभागियों ने भुजिया, घेवर और जलेबी बनाने की कला को करीब से देखा और बीकानेरी स्वाद का लुत्फ उठाया। मरूनायक चौक में ब्लॉक और स्क्रीन प्रिंटिंग का प्रदर्शित की गई।
मोहता चौक के बड़े पाटे पर पारम्परिक भोजन बनाने का प्रदर्शन किया गया, जहां प्रतिभागियों को कचौड़ी और रबड़ी खिलाई गई। भपंग वादन का प्रदर्शन भी किया गया। लोक कलाकारों द्वारा गणगौर के गीत, कठपुतली का खेल दिखाया गया। हैरिटेज के रंगों को करीब से देख कर देशी विदेश पर्यटक रोमांचित नजरर आए।
ऐतिहासिक रामपुरिया हवेलियों के पास वॉक का समापन हुआ जहां उस्ता कला, हवेली संगीत और कच्छी घोड़ी नृत्य नाटिका का मनमोहक प्रदर्शन ने प्रतिभागियों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव : सेल्फी और स्वाद के साथ मिली बीकानेर की अपनायत
अन्तर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव की हैरिटेज वाक में सजे धजे रास्ते और सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत के रंगों के बीच सैलानी सेल्फी लेते दिखे। कई स्थानों पर स्थानीय निवासियों ने उत्सव में आए सैलानियों का फूल बरसा कर और माला पहनकर स्वागत किया। बीकानेर की इस अपनायत से सैलानी भाव विभोर नजर आए।
अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव : फूड कार्निवल में चखा बीकाणा का ज़ायका
बीकाणा के खान-पान के स्वाद से रूबरू करवाने के लिए धरणीधर मैदान में फूड कार्निवल सहित लोक कलाओं पर आधारित स्टाल्स लगाई गईं। फूड कार्निवल में स्केचिंग व आर्ट का प्रर्दशन, चमड़े से बने उत्पाद सहित बीकानेरी स्वाद के लिए प्रसिद्ध घेवर, जलेबी व अन्य व्यंजनों की दुकानें लगाई गईं। बीकानेरी ज़ायका चखने के लिए लंबी कतारें लगी।
![International Camel Festival starts in Bikaner](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/camel-1140x641.jpeg)
अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव : हॉट एयर बैलून रहा आकर्षण का केंद्र
इस दौरान हॉट एयर बैलून आकर्षण का केंद्र रहा। विदेशी पर्यटकों सहित अन्य लोगों ने हॉट एयर बैलून में सवार होकर इसका लुत्फ उठाया। रोमांचक सवारी का आनन्द लेने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी।
अंतर्राष्ट्रीय ऊंट उत्सव : मेंहदी एवं रंगोली प्रतियोगिता का हुआ आयोजन
हेरिटेज वॉक के पश्चात जूनागढ़ के सामने स्थित सूरसागर पर मेंहदी एवं रंगोली प्रतियोगिताओ का आयोजन हुआ। दोनों प्रतियोगिताओं में 183 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
युवतियों ने राजस्थान की संस्कृति एवं सड़क सुरक्षा थीम पर मेंहदी व रंगोली उकेरी। सड़क सुरक्षा माह के तहत महिलाओं ने मेंहदी के माध्यम से ट्रैफिक लाइट व यातायात नियमों की पालना करने का संदेश दिया। महिलाओं और बालिकाओं ने प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उत्साह के साथ रंग बिरंगी रंगोली उकेरी तथा आकर्षक मेहंदी बनाई गई।
![International Camel Festival](https://www.hellorajasthan.com/wp-content/uploads/2025/01/camel-festival-1140x641.jpeg)
ये रहे मेंहदी रंगोली प्रतियोगिता के विजेता
मेहंदी जूनियर वर्ग प्रतियोगिता में सड़क सुरक्षा की थीम पर प्रथम पूनम गहलोत, द्वितीय भविष्या सिंह तथा तृतीय कोमल कूकना तथा राजस्थानी संस्कृति में (प्रथम
दिव्यांशी प्रजापत, द्वितीय सिद्धि कुलरिया) विजेता रहे।
इस प्रकार सीनियर ग्रुप में सड़क सुरक्षा की थीम पर प्रियंका सुथार प्रथम, निकिता गोयल द्वितीय और तृतीय गणेशा राम तथा राजस्थानी संस्कृति में कोमल मोहना प्रथम, पिंकी बोहरा द्वितीय और पूजा शेखावत तृतीय स्थान पर रहे।
इसी प्रकार जूनियर वर्ग की रंगोली प्रतियोगिता में सड़क सुरक्षा थीम में चंचल मोदी समूह प्रथम, अंकित खत्री समूह द्वितीय और एंजल मोदी समूह तृतीय तथा राजस्थानी संस्कृति थीम में चेनी अरोड़ा समूह प्रथम, योगांशी बोहरा समूह द्वितीय और कोमालिका खत्री समूह तृतीय स्थान पर रहे।
सीनियर वर्ग में सड़क सुरक्षा थीम पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता में राधिका कुमावत समूह प्रथम रित्विका किराडू समूह द्वितीय और रक्षा कंवर समूह तृतीय स्थान पर तथा राजस्थानी संस्कृति थीम में हर्षिता भाटी समूह प्रथम, ज्योति कुमावत समूह द्वितीय और खुशी सोनी समूह तृतीय पर विजेता रहे ।
इस दौरान पर्यटन विभाग के उप निदेशक अनिल राठौड़, जिला परिवहन अधिकारी भारती नैथानी,क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी अनिल पंड्या, परिवहन निरीक्षक करणाराम एवं जयनारायण पूनियां, सहायक लेखाधिकारी प्रथम नरेश चन्द्र चाहर,एक्टिविस्ट राजकुमारी, अन्नपूर्णा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।प्रतियोगिताओं का संचालन ज्योति स्वामी ने किया।