बीकानेर। राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 में बीकानेर जिले की सात सीटों में छह पर भारतीय जनता पार्टी और एक सीट पर कांग्रेस पार्टी ने बाजी मारी है। कांग्रेस पार्टी को एक मात्र नोखा सीट पर जीत मिली है। जिले से तीन मंत्रियों ऊर्जा मंत्री भंवर सिंह भाटी, शिक्षा मंत्री डा.बी.डी.कल्ला, आपदा राहत मंत्री गोविंद मेघवाल को हार का सामना करना पड़ा है।
बीकानेर में राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 की मतगणना राजकीय पोलिटेक्निक कॉलेज में प्रातः 8 बजे से प्रारंभ हो गई। पहले पोस्टल बैलट की गिनती की 8 बजे से प्रारंभ हुई। इसके पश्चात 8.30 बजे से ईवीएम मतगणना भी प्रारंभ हो गई थी। इसके बाद पर्यवेक्षकों की उपस्थिति में बाक्स खोले गए।
Rajasthan Election Results 2023 : बीकानेर जिले में इन्हे मिली जीत
जिला निर्वाचन अधिकारी भगवती प्रसाद कलाल ने बताया कि बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार सिद्धि कुमारी, बीकानेर पश्चिम विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी के जेठानंद व्यास, श्री डूंगरगढ़ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के ताराचंद, खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के विश्वनाथ मेघवाल, लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के सुमित गोदारा तथा कोलायत विधानसभा क्षेत्र से भी भारतीय जनता पार्टी के ही प्रत्याशी अंशुमान सिंह भाटी ने जीत दर्ज की।

कोलायत विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के अंशुमान सिंह भाटी को 1 लाख 1 हजार 93 मत हासिल हुए वहीं कांग्रेस पार्टी के भंवर सिंह भाटी को 68 हजार 160 मत प्राप्त हुए। इस विधानसभा क्षेत्र में आर एल टी पी प्रत्याशी रेवंत राम पंवार को 27 हजार 854 मत हासिल हुए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के जेठानंद व्यास को 98 हजार 648 मत प्राप्त हुए, वहीं कांग्रेस के बुलाकी दास कल्ला 78 हजार 454 मत हासिल हुए।
खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के विश्वनाथ मेघवाल ने 91 हजार 276 मत प्राप्त किये, वहीं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के गोविंद राम मेघवाल को 73 हजार 902 मत मिले ।

नोखा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी सुशीला रामेश्वर डूडी को 83 हजार 215 मत हासिल हुए वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बिहारी लाल बिश्नोई को 75 हजार 66 मत प्राप्त हुए। विकास मंच प्रत्याशी कन्हैयालाल झंवर को 33 हजार 781 मत हासिल हुए।
डूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ताराचंद को 65 हजार 690 वोट मिले, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी मंगलाराम गोदारा को 57 हजार 565 तथा माकपा प्रत्याशी गिरधारी लाल को 56 हजार 498 मत प्राप्त हुए।
बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी सिद्धि कुमारी को 89 हजार 917 मत प्राप्त हुए, कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल गहलोत को 70 हजार 614 मत हासिल हुए।
लूणकरणसर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी सुमित गोदारा को 60 हजार 452, मत हासिल हुए।
राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी डॉ राजेन्द्र मूंड को 51 हजार 583 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी प्रभु दयाल सारस्वत को 45 हजार 379 तथा निर्दलीय प्रत्याशी वीरेंद्र बेनीवाल ने 29 हजार 895 मत प्राप्त किये।
बीकानेर पूर्व में सिद्धि कुमारी ने कांग्रेस के यशपाल गहलोत, बीकानेर पश्चिम सीट से भाजपा के जेठानंद ने कांग्रेस के डॉ बीडी कल्ला, श्रीकोलायत से भाजपा के अंशुमान सिंह भाटी ने कांग्रेस के भंवर सिंह भाटी, खाजूवाला से डा.विश्वनाथ मेघवाल ने कांग्रेस के गोविंद मेघवाल, श्रीडूंगरगढ़ से भाजपा के ताराचंद ने माकपा के गिरधारी महिया व कांग्रेस के मंगलाराम तथा लूणकरनसर से भाजपा के सुमित गोदारा ने कांग्रेस के डॉ राजेन्द्र मुंड व निर्दलीय प्रभुदयाल सारस्वत को हराकर जीत दर्ज की है। वहीं नोखा में कांग्रेस की सुशीला डूडी ने बिहारी लाल विश्नोई को हराया है।
भाजपा कार्यालय पर खुशी की लहर

बीकानेर के गांधीनगर स्थित भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़े बजाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने गुलाल लगाकर पटाखे चलाकर खुशी जताई। वहीं छतरगढ़, खाजूवाला, श्रीडूंगरगढ़, श्रीकोलायत, बीकानेर पूर्व, पश्चिम, लूणकरनसर सहित अनेक स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की जीत पर खुशियां मनाई।
Tags : Rajasthan Election Results 2023 Live Update, Chunav result, election results 2023 live updates, Chunav result updates , Bikaner Election Result, Bikaner Result, BJP Bikaner,