राजस्थानी कविता संग्रह ‘पेपलो चमार’ के लिए दिया जाएगा सम्मान

चूरू। जिले के पहाड़सर में जन्मे राजस्थानी व हिंदी के चर्चित कवि-गद्यकार उम्मेद गोठवाल को वर्ष 2021 राज्य स्तरीय सत्यप्रकाश जोशी कविता सम्मान दिए जाने की घोषणा की गई है। जोधपुर के कथा साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थान की ओर से गोठवाल को उनके कविता संग्रह ‘पेपलो चमार’ के लिए यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। संस्थान के सचिव साहित्यकार मीठेश निर्मोही, अध्यक्ष प्रोफेसर जहूर खां मेहर एवं निदेशक चैनसिंह परिहार ने शुक्रवार को यह घोषणा की।

उल्लेखनीय है कि चूरू जिले की राजगढ़ तहसील के गांव पहाड़सर में मां जमुना देवी व पिता सादीराम गोठवाल के आंगन में जन्मे उम्मेद गोठवाल राजस्थानी व हिंदी के अप्रतिम कवि-गद्यकार हैं। उम्मेद गोठवाल ने अपनी आत्मकथा ‘च मानी चमार’ और काव्य-कृति ‘पेपलो चमार’ से राजस्थानी भाषा में सशक्त दस्तक दी है। पेपलो चमार का हिंदी अनुवाद देश के मशहूर वाणी प्रकाशन से प्रकाशित हुआ है। इन दिनों मंे उनकी हिंदी डायरी पुस्तक ‘ठहरी हुई तारीखें’ भरपूर चर्चा में हैं। गोठवाल वर्तमान में राजस्थान काॅलेज शिक्षा विभाग में हिंदी विषय में सहायक आचार्य हैं तथा लोहिया महाविद्यालय चूरू में हिंदी पढ़ा रहे हैं। मौलिक लेखन के साथ-साथ उन्होंने मराठी रचनाकार लक्ष्मण गायकवाड़ की प्रसिद्ध पुस्तक उचक्को का अनुवाद किया है। लोकधर्मी कवि विजेन्द्र पर केन्द्रित किताब ‘बूँद तुम ठहरी रहो’, ‘ केति लहरी संमद की’, ‘स्त्री विमशः कल, आज और कल’ जैसी महत्त्वपूर्ण पुस्तकों के साथ हिंदी त्रैमासिक पत्रिका अनुक्षण के संपादक हैं।

लेखक-पत्रकार, संपादक होंगे सम्मानित

संस्थान की ओर से राज्य स्तरीय कथा अलंकरण श्रृंखला के अंतर्गत हिन्दी एवं राजस्थानी के जाने-माने लेखक नंद भारद्वाज को सूर्यनगर शिखर सम्मान, हिन्दी के सुप्रतिष्ठ कवि कैलाश मनहर को नन्द चतुर्वेदी कविता सम्मान, कथाकार रत्नकुमार सांभरिया को पंडित चन्द्रधर शर्मा गुलेरी कथा सम्मान, कथाकार मुरलीधर वैष्णव को रघुनंदन त्रिवेदी कथा सम्मान घोषित किया गया है। इसी प्रकार जाने – माने कथाकार डाॅ.मदन सैनी (डूंगरगढ़ ) को सांवर दइया कथा सम्मान तथा सुप्रतिष्ठ व्यंग्यकार एवं अनुवादक शंकर सिंह राजपुरोहित (बीकानेर) को डाॅ नारायणसिंह भाटी अनुवाद सम्मान, उर्दू के सुप्रतिष्ठ शाइर एवं अनुवादक डाॅ.निसार राही ( जोधपुर) को मख्मूर सईदी कविता सम्मान घोषित किया गया है। जाने-माने पत्रकार त्रिभुवन (दैनिक भास्कर) को गोवर्द्धन हेड़ाऊ रचनात्मक पत्रकारिता सम्मान एवं चंदन सिंह भाटी (यूएनआई) को चंद्रशेखर अरोड़ा रचनात्मक पत्रकारिता सम्मान तथा हिन्दी की साहित्यिक त्रैमासिक पत्रिका सृजन कुंज के संपादक एवं साहित्यकार डाॅ. कृष्ण कुमार आशु को प्रकाश जैन लहर साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान तथा संपादक एवं साहित्यकार श्याम महर्षि को पारस अरोड़ा अपरंच साहित्यिक पत्रकारिता सम्मान से अलंकृत किये जाने की घोषणा की गई है।

Read Hindi News, Like Facebook Page : Follow On Twitter:

Exit mobile version